भेलूपुर में बनेगा 20 एकड़ का मेगा पार्क, स्थापित होगा 130 फीट ऊंचा शिवलिंग

भेलूपुर में बनेगा 20 एकड़ का मेगा पार्क, स्थापित होगा 130 फीट ऊंचा शिवलिंग

वाराणसी (जनवार्ता)। शहर के मध्य स्थित भेलूपुर क्षेत्र में जल्द ही 20 एकड़ में एक भव्य और आधुनिक पार्क विकसित किया जाएगा। नगर निगम की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को प्रदेश सरकार की मंजूरी मिल चुकी है। करीब 104 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पार्क हरियाली, पर्यटन और अध्यात्म का नया केंद्र बनेगा।
पार्क की सबसे बड़ी विशेषता उत्तर प्रदेश का सबसे ऊंचा 130 फीट का शिवलिंग होगा। इसके चारों ओर आकर्षक पाथवे और हरित क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। विशाल शिवलिंग पर लेजर शो का भी आयोजन होगा, जो पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगा।

rajeshswari


पार्क में बच्चों के लिए आधुनिक झूले, ओपन आर्ट गैलरी, गजीबो, फूड कोर्ट और बनारसी उत्पादों व हस्तशिल्प के लिए विशेष स्टॉल स्थापित किए जाएंगे। आर्ट गैलरी में काशी के संगीत घराने से जुड़े उन महान कलाकारों की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी, जिन्होंने देश-विदेश में शहर को पहचान दिलाई।


नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव के अनुसार पार्क को हरा-भरा बनाने के लिए देसी और विदेशी फूलों की विशेष बगिया विकसित की जाएगी। मॉर्निंग वॉक के लिए एक हजार मीटर लंबा वॉक-वे भी बनाया जाएगा।


यह परियोजना भेलूपुर स्थित जलकल विभाग की खाली पड़ी 20 एकड़ भूमि पर विकसित की जाएगी। नगर निगम ने इसकी विस्तृत योजना तैयार कर ली है और निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है। इससे शहर को एक नया ऑक्सीजन जोन मिलने के साथ पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

इसे भी पढ़े   मनीष हत्याकांड के फरार आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, दो बदमाश घायल
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *