सहायक प्रोफेसर व बीएड प्रवेश परीक्षा से शहर में उमड़ी भीड़
वाराणसी (जनवार्ता) । जिले में रविवार को आयोजित सहायक प्रोफेसर भर्ती परीक्षा और बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के कारण शहर में अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस अड्डों तथा प्रमुख मार्गों पर दिनभर चहल-पहल और यातायात का दबाव बना रहा।

यूपी लोक सेवा आयोग की ओर से राजकीय महाविद्यालयों में सहायक प्रोफेसर भर्ती परीक्षा के लिए 30 केंद्र बनाए गए थे, जिन पर 13,131 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
वहीं, दो वर्षीय बीएड पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए राज्य स्तरीय संयुक्त प्रवेश परीक्षा 106 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की गई। इसमें 48,218 अभ्यर्थी पंजीकृत रहे। पहली पाली सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित की जा रही है।
दोनों परीक्षाओं में कुल 61,349 अभ्यर्थियों के शामिल होने से शहर में भीड़ बढ़ गई। व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सभी 136 परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

