सील्ड रोड विवाद के बीच PWD मंत्री की गाड़ी का कटा चालान, वकीलों ने सचिवालय के बाहर किया प्रदर्शन
शिमला (जनवार्ता)। हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के अधिवक्ताओं ने छोटा शिमला से हाई कोर्ट तक जाने वाली सील्ड सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोकने के विरोध में सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास ओक ओवर के बाहर विरोध जताने के बाद सचिवालय तक मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान सील्ड रोड से गुजर रही लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री विक्रमादित्य सिंह की सरकारी गाड़ी को भी वकीलों के विरोध का सामना करना पड़ा। अधिवक्ताओं के दबाव पर पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में वाहन का 1,500 रुपये का चालान किया। हालांकि उस समय मंत्री स्वयं वाहन में मौजूद नहीं थे। गाड़ी में उनकी माता और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सवार थीं।
अधिवक्ताओं का आरोप है कि पुलिस उन्हें छोटा शिमला-सचिवालय मार्ग से हाई कोर्ट जाने से रोक रही है और कार्ट रोड से जाने के लिए बाध्य कर रही है। उनका कहना है कि वर्षों से वे इसी मार्ग का उपयोग करते आए हैं, लेकिन हाल के दिनों में बिना स्पष्ट आदेश के आवाजाही पर रोक लगाई जा रही है।
अधिवक्ता एच.एस. ठाकुर ने कहा कि कार्ट रोड पर अक्सर भारी यातायात जाम रहता है, जिससे अधिवक्ता समय पर अदालत नहीं पहुंच पाते। इससे न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहा है और न्याय व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता केवल अदालत आने-जाने के लिए इस मार्ग का उपयोग करते हैं और इससे किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न नहीं होती।
वकीलों ने यह भी कहा कि उन्हें इस संबंध में सरकार की ओर से जारी किसी लिखित आदेश की जानकारी नहीं है, लेकिन पुलिस लगातार वाहनों को रोक रही है। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात की मांग की और चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
अधिवक्ता एच.एस. ठाकुर ने कहा कि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से जल्द बातचीत की जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री, जो स्वयं भी अधिवक्ता रह चुके हैं, वकीलों की समस्याओं को समझते हुए उचित समाधान निकालेंगे।


