रेल यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार पर मंथन, सांसदों ने जीएम के समक्ष रखे सुझाव

रेल यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार पर मंथन, सांसदों ने जीएम के समक्ष रखे सुझाव

वाराणसी (जनवार्ता)। पूर्वोत्तर रेलवे के बनारस रेल मंडल मुख्यालय स्थित भारतेंदु सभागार में सोमवार को आयोजित सांसदों की बैठक में रेल यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार और क्षेत्रीय रेल विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोर्डकर, मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन समेत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक की अध्यक्षता सांसद राजीव प्रताप रूडी ने की। इस दौरान विभिन्न सांसदों ने अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों की आवश्यकताओं और रेल यात्रियों की समस्याओं को उठाते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। स्थानीय यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव की मांग प्रमुखता से रखी गई।
सांसदों ने व्यस्त समपार फाटकों पर अंडरपास निर्माण कर यातायात को सुगम बनाने का सुझाव भी दिया। इसके अलावा रेल मार्गों पर ट्रेनों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक बढ़ाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।
यात्रियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे स्टेशनों पर आरओ प्लांट स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया। रेलवे और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक सांसद के लिए रेलवे की ओर से एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने की मांग भी उठाई गई।
महिला यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर सैनिटरी पैड उपलब्ध कराने का मुद्दा भी चर्चा में रहा। बैठक में रेलवे सेवाओं को अधिक जनोपयोगी बनाने तथा यात्री सुविधाओं के समग्र विकास पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, नीरज शेखर, सीमा द्विवेदी, साधना सिंह, संगीता बलवंत, रमाशंकर राजभर, राजीव राय, अफजाल अंसारी, वीरेंद्र सिंह और बाबू सिंह कुशवाहा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डीआरएम आशीष जैन ने किया।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   'मुझे गर्लफ्रेंड से बचा लो',पीछा छुड़ाने के लिए कोई उपाय नहीं आया काम,तो लगा लिया मौत को गले!
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *