लोन उपभोक्ता को बैंक मैनेजर ने दी जान से मारने की धमकी, एसपी से शिकायत
बाराबंकी (जनवार्ता)। जिले के देवा थाना क्षेत्र में एक बैंक उपभोक्ता को कथित रूप से जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने तत्कालीन बैंक मैनेजर पर फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग करने और गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। मामले का एक ऑडियो भी सामने आया है, जिसकी जांच की मांग की गई है।

देवा थाना क्षेत्र के बिशुनपुर गांव निवासी सुनील कुमार ने बताया कि उन्होंने अपने शिवा पैलेस एंड मैरिज लॉन के निर्माण के लिए इंडियन ओवरसीज बैंक की देवा शाखा से 15 लाख रुपये का ऋण लिया था। उनके अनुसार वह नियमित रूप से ऋण की किस्तें जमा कर रहे हैं।
आरोप है कि 2 जून की रात करीब 9:39 बजे बैंक की देवा शाखा में पूर्व में तैनात रहे और वर्तमान में लखनऊ की चिनहट शाखा में कार्यरत तत्कालीन शाखा प्रबंधक विराट कौशिक ने उन्हें फोन किया। बातचीत के दौरान उन्होंने तत्काल 27 हजार रुपये जमा करने का दबाव बनाया। पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने नियमित किस्त जमा होने की बात कही तो उन्हें कथित रूप से गोली मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान संबंधित अधिकारी ने मुख्यमंत्री से निकटता का हवाला देते हुए स्वयं को प्रभावशाली बताया और कहा कि प्रशासन उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। सुनील कुमार के अनुसार पूरी बातचीत का ऑडियो उनके पास सुरक्षित है।
मामले को लेकर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जब संबंधित अधिकारी वर्तमान में देवा शाखा में तैनात नहीं हैं, तब भी उन्हें फोन कर धमकाया गया। वहीं पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच क्षेत्राधिकारी स्तर से कराने और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
फिलहाल पुलिस शिकायत और उपलब्ध ऑडियो की जांच कर रही है। आरोपी बैंक अधिकारी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

