वाराणसी : मानसिक चिकित्सालय में विचाराधीन बंदी की हृदयाघात से मौत
वाराणसी (जनवार्ता) : मंडलीय मानसिक चिकित्सालय में भर्ती एक विचाराधीन बंदी की मंगलवार देर रात हृदयाघात से मौत हो गई। मृतक की पहचान राहुल निषाद (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के इटावा जिले का निवासी था।

राहुल निषाद को उन्नाव जेल से उपचार के लिए मानसिक चिकित्सालय वाराणसी भेजा गया था। अस्पताल सूत्रों के अनुसार मंगलवार रात उसने नियमित भोजन और दवा ली थी। इसके बाद वह बैरक में आराम करने चला गया। देर रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसने सीने में तेज दर्द की शिकायत की। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत उसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रथम दृष्टया मौत का कारण हृदयाघात बताया जा रहा है। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारण पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा।
अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना कैंट थाना पुलिस को दे दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को भी सूचना दे दी गई है और कैंट पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।

