ग्राम सभा की जमीन पर बने अवैध मदरसे पर चला बुलडोजर, 1.23 करोड़ रुपये का जुर्माना
गाजियाबाद (जनवार्ता) । मसूरी थाना क्षेत्र के डासना कल्लूगढ़ी में ग्राम सभा की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्मित मदरसे को प्रशासन ने बुधवार को ध्वस्त करना शुरू कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जबकि राजस्व एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

प्रशासन के अनुसार, ‘जामिया अरबिया इशातुल इस्लाम’ नामक मदरसा खसरा संख्या 1548 की ग्राम सभा भूमि पर अवैध रूप से निर्मित किया गया था। राजस्व अभिलेखों में यह भूमि ऊसर के रूप में दर्ज है। आरोप है कि वर्ष 2021 से मदरसा प्रबंधन समिति ने करीब एक हेक्टेयर क्षेत्र में पक्का निर्माण कर पार्क सहित अन्य संरचनाएं बनाकर कब्जा कर रखा था। बताया गया कि मदरसा पिछले चार वर्षों से बंद पड़ा है।
अवैध कब्जे की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने जनवरी 2023 में मदरसा प्रबंधन समिति को नोटिस जारी किया था। सुनवाई के दौरान समिति को अपना पक्ष रखने का अवसर भी दिया गया, लेकिन प्रशासन का कहना है कि संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। उपलब्ध अभिलेखों और साक्ष्यों के आधार पर कब्जे को अवैध मानते हुए भूमि खाली कराने का आदेश पारित किया गया।
आदेश में कहा गया है कि संबंधित पक्ष को मामले की जानकारी होने के बावजूद उसने प्रभावी पैरवी नहीं की, जिससे यह स्पष्ट होता है कि विवादित भूमि पर उसका कब्जा वैध नहीं था। इसके बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
प्रशासन ने मदरसा प्रबंधन समिति पर अवैध कब्जे के मामले में 1.23 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया है। खबर लिखे जाने तक बुलडोजर की कार्रवाई जारी थी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

