कोइरीपुर में शटल एक्सप्रेस के ठहराव की मांग तेज, पूर्व विधायक ने महाप्रबंधक को सौंपा पत्र
सुलतानपुर (जनवार्ता)। लंभुआ के पूर्व विधायक देवमणि द्विवेदी ने कोइरीपुर रेलवे स्टेशन पर वाराणसी-लखनऊ शटल एक्सप्रेस के ठहराव की मांग को लेकर उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक, लखनऊ को पत्र सौंपा है। उन्होंने कहा कि ट्रेन के ठहराव से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।
पूर्व विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि कोइरीपुर रेलवे स्टेशन पर शटल एक्सप्रेस के ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही है। स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने कई बार रेलवे प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांग रखी है। इसके अलावा स्टेशन परिसर में प्रदर्शन कर भी ट्रेन के ठहराव की आवश्यकता से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
उन्होंने रेलवे प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए कोइरीपुर स्टेशन पर शटल एक्सप्रेस का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि रेलवे उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगा।


