सारनाथ में दो बसों की टक्कर, आधा दर्जन पर्यटक घायल; दो की हालत गंभीर
वाराणसी (जनवार्ता)। सारनाथ क्षेत्र के पुराना आरटीओ तिराहा के पास रविवार तड़के दो बसों की आमने-सामने टक्कर में आधा दर्जन पर्यटक घायल हो गए। हादसे में मध्य प्रदेश के 69 वर्षीय दुर्गा प्रसाद कुम्हार तथा बस चालक प्रियकेश मिश्रा गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

जानकारी के अनुसार, कानपुर से गाजीपुर जा रही अनुबंधित जनरथ बस सुबह करीब 5:20 बजे सारनाथ स्थित पुराने आरटीओ कार्यालय तिराहा के पास पहुंची थी। इसी दौरान केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान मार्ग स्थित एक होटल से लगभग 50 धार्मिक पर्यटकों को लेकर वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या नौ की ओर जा रही दूसरी बस से उसकी टक्कर हो गई। दुर्घटना में जनरथ बस के परिचालक नवनीत मिश्रा को भी मामूली चोटें आईं।
हादसे में घायल पर्यटकों में दुर्गा प्रसाद कुम्हार, उनकी पत्नी भगवती देवी, दीप्ति जैन, किशोरी देवी, रत्नेश गोंड तथा चालक प्रियकेश मिश्रा शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद अधिकांश को घर भेज दिया गया। दुर्गा प्रसाद और चालक प्रियकेश मिश्रा की स्थिति को देखते हुए उन्हें भर्ती कर लिया गया। वहीं, जनरथ बस में सवार 15 यात्रियों को कोई चोट नहीं आई।
सारनाथ थाने के उपनिरीक्षक संदीप शर्मा ने बताया कि दो बसों के बीच हुई टक्कर में कुछ लोग घायल हुए थे। सभी को उपचार उपलब्ध कराया गया है। दुर्घटनाग्रस्त दोनों बसों को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मुख्य तीर्थ योजना के तहत काशी आया था दल
बताया गया कि मध्य प्रदेश सरकार की मुख्य तीर्थ योजना के अंतर्गत निवाड़ी जिले से 50 श्रद्धालुओं का दल 5 जून को काशी दर्शन के लिए आया था। सभी पर्यटक सारनाथ स्थित होटल लोटस में ठहरे हुए थे। रविवार सुबह उन्हें वाराणसी से अयोध्या के लिए ट्रेन पकड़नी थी। इसी दौरान स्टेशन जाते समय बस दुर्घटना का शिकार हो गई। घायल दुर्गा प्रसाद कुम्हार ने बताया कि योजना के तहत काशी भ्रमण के बाद उनका दल अयोध्या रवाना होने वाला था। हादसे में पांच यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिनका उपचार कर उन्हें यात्रा जारी रखने की अनुमति दे दी गई।

