कराटे में नन्हे खिलाड़ी त्रिशांत प्रियव्रत ने रचा इतिहास, सम्मानित हुए
वाराणसी (जनवार्ता)। चितईपुर स्थित अभिनंदन वाटिका में जन सुरक्षा अकादमी ऑफ मार्शल आर्ट एवं सोतोकान कराटे एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित कलर एवं ब्लैक बेल्ट समारोह में महज 5 वर्ष 6 माह के त्रिशांत प्रियव्रत ने अपनी असाधारण प्रतिभा से सभी का ध्यान आकर्षित किया। त्रिशांत ने सोतोकान कराटे के सभी 12 काता बिना रुके लगातार प्रस्तुत कर एक अनूठा कीर्तिमान स्थापित किया और इस उपलब्धि को हासिल करने वाले सबसे कम आयु के खिलाड़ी बने।

आयोजकों के अनुसार यह उपलब्धि कराटे के प्रति उनके अनुशासन, समर्पण, सहनशक्ति और तकनीकी दक्षता का प्रमाण है। त्रिशांत इससे पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं।
त्रिशांत प्रियव्रत का नाम भारत का राष्ट्रीय गान इलेक्ट्रॉनिक कीबोर्ड पर सबसे कम आयु में और सबसे तेज गति से प्रस्तुत करने के लिए इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स तथा इंटरनेशनल बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज है। इसके अलावा सबसे कम आयु में ब्लैक बेल्ट प्राप्त करने का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज है। वहीं 44 मिनट के भीतर पांच अलग-अलग वाद्ययंत्रों पर 20 गीत प्रस्तुत करने की उपलब्धि के लिए भी उनका नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल किया गया है।
कार्यक्रम में सोतोकान कराटे एसोसिएशन की ओर से त्रिशांत प्रियव्रत को सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलेगा इंडिया, बढ़ेगा इंडिया’ के आह्वान का उल्लेख करते हुए युवाओं को खेलों में आगे आने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

