सड़क हादसे में घायल युवती की मदद कर मिसाल बना टैक्सी चालक, युवती ने सम्मानित कर लौटाया एहसान

सड़क हादसे में घायल युवती की मदद कर मिसाल बना टैक्सी चालक, युवती ने सम्मानित कर लौटाया एहसान

सहारनपुर  (जनवार्ता)। मानवता और संवेदनशीलता की एक प्रेरणादायक मिसाल उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से सामने आई है। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक युवती की जान बचाने के लिए एक टैक्सी चालक ने अपनी आजीविका का साधन तक बेच दिया। बाद में युवती ने भी उसके त्याग और सहयोग का अनोखे ढंग से सम्मान कर सभी को भावुक कर दिया।
जानकारी के अनुसार, एक युवती सड़क पार कर रही थी, तभी वह एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे के बाद वह सड़क पर घायल अवस्था में पड़ी रही। कई राहगीर वहां से गुजरे, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। इसी दौरान टैक्सी चालक राजवीर की नजर उस पर पड़ी। उसने बिना देर किए युवती को अपनी टैक्सी से अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने बताया कि युवती की जान बचाने के लिए तत्काल ऑपरेशन आवश्यक है, जिस पर करीब दो लाख रुपये का खर्च आएगा। राजवीर के पास इतनी राशि नहीं थी, लेकिन उसने मानवता को प्राथमिकता देते हुए अपनी नई टैक्सी बेच दी और ऑपरेशन के लिए आवश्यक धनराशि की व्यवस्था कर दी।
सफल उपचार के बाद युवती स्वस्थ होकर अपने घर लौट गई। कुछ समय बाद युवती, जिसका नाम आसिमा बताया गया, राजवीर के घर पहुंची और उसे अपने विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। आर्थिक तंगी के बावजूद राजवीर अपनी वृद्ध मां के साथ समारोह में पहुंच गया।
दीक्षांत समारोह के दौरान आसिमा को शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाना था। मंच पर पहुंचकर उसने स्वर्ण पदक ग्रहण करने के बजाय राजवीर को अपने साथ बुलाया और उपस्थित लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी। आसिमा ने कहा कि उसकी जिंदगी बचाने वाले राजवीर ही इस सम्मान के वास्तविक हकदार हैं।
युवती की भावनात्मक बात सुनकर समारोह में मौजूद लोग भावुक हो उठे। इसके बाद आसिमा ने राजवीर को एक नई टैक्सी भेंट कर उसका सम्मान किया। यह घटना समाज में मानवता, करुणा और निस्वार्थ सेवा की भावना को मजबूत करने वाली प्रेरक मिसाल बन गई है।
यह कहानी संदेश देती है कि संकट के समय किसी जरूरतमंद की सहायता करने का छोटा-सा प्रयास भी किसी की जिंदगी बदल सकता है और मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं होता।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   राजनाथ सिंह ने नीतीश कुमार से फोन पर की बात;राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार पर मांगी सहमति

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *