जून अंत तक पूरी नालों-नालियों की सफाई : मंडलायुक्त
वाराणसी (जनवार्ता)। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने मानसून की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि जून माह के अंत तक नालों और नालियों की सफाई हर हाल में पूरी कर ली जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।


रविवार को कमिश्नरी सभागार में आयोजित मानसून एक्शन प्लान की समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने बिजली विभाग को निर्देश दिया कि शहर में स्ट्रीट लाइटें शत-प्रतिशत चालू रहें। खराब स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा अंडरग्राउंड विद्युत नेटवर्क के डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स सुरक्षित रूप से ऊंचे किए जाएं। उन्होंने मुख्य अभियंता विद्युत को अभियान चलाकर बिजली के तारों से प्लास्टिक हटाने और उन्हें सुरक्षित फेंसिंग या कवरिंग से संरक्षित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि बारिश अथवा बाढ़ के दौरान बिजली आपूर्ति, कटौती और अन्य तकनीकी समस्याओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों के व्हाट्सएप समूहों में नियमित रूप से साझा की जाए। साथ ही जहां भी सीवर या विद्युत कार्य के कारण सड़कें खोदी गई हैं, वहां बैरिकेडिंग, ढक्कन और मरम्मत की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि सड़क चौड़ीकरण कार्यों से उत्पन्न मलबे को तत्काल हटाया जाए। नगर निगम को निर्देश दिए गए कि सभी नालों की सफाई समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए तथा नियमित रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
संभावित बाढ़ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने सभी घाटों पर एकीकृत पब्लिक एड्रेस सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, आपातकालीन सायरन तथा प्रत्येक नाव में लाइफ जैकेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ की स्थिति में राहत कार्यों के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने, पर्याप्त संख्या में रैन बसेरे तैयार रखने तथा खाद्य पैकेट वितरण की पूर्व कार्ययोजना बनाने पर भी जोर दिया।
बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सदानंद गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

