तकनीकी खराबी से बीच रास्ते रुकी वंदे भारत, पांच घंटे तक परेशान रहे यात्री

तकनीकी खराबी से बीच रास्ते रुकी वंदे भारत, पांच घंटे तक परेशान रहे यात्री

सासाराम (जनवार्ता)। वाराणसी से रांची जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 20888) शुक्रवार शाम बिहार के रोहतास जिले में तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। डीडीयू-गया रेलखंड पर शिवसागर और कुम्हऊ स्टेशन के बीच ट्रेन का इंजन अचानक खराब हो जाने से उसे करीब पांच घंटे तक सुनसान इलाके में खड़ा रहना पड़ा। बाद में दूसरे इंजन की मदद से ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
जानकारी के अनुसार शाम 5:42 बजे चालक ने इंजन में आई तकनीकी समस्या के कारण ट्रेन रोक दी और रेलवे अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे तकनीकी विशेषज्ञों ने काफी देर तक जांच की, लेकिन खराबी का कारण पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण इंजीनियरों को मोबाइल की रोशनी में निरीक्षण करना पड़ा। स्थिति का समाधान नहीं निकलने पर रेलवे अधिकारियों ने दूसरा इंजन मंगाने का निर्णय लिया। नया इंजन जोड़ने के बाद रात 10:04 बजे ट्रेन को आगे रवाना किया गया।
ट्रेन के लंबे समय तक रुके रहने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुनसान क्षेत्र होने के कारण उन्हें न तो भोजन मिल सका और न ही पीने का पानी। कई यात्री घंटों तक ट्रेन के भीतर ही बैठे रहने को मजबूर रहे। कुछ यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों और शिवसागर स्टेशन से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें तत्काल कोई सहायता नहीं मिल सकी।
वंदे भारत के लंबे समय तक खड़े रहने की सूचना पर आसपास के बरैला, समहुता और प्रयागपुर गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे वहां भीड़ जुट गई। यात्रियों की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय थानाध्यक्ष रितेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं, सासाराम से आरपीएफ इंस्पेक्टर राजीव कुमार भी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
घटना के बाद यात्रियों ने रेलवे की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए और आपात स्थिति में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच कर तकनीकी खराबी के कारणों का पता लगाने की बात कही है।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   वाराणसी रोपवे: सितंबर में पूरी होगी पहले चरण की टेस्टिंग, हर घंटे 6 हजार यात्री कर सकेंगे सफर
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *