ग्रैंड ओपनिंग से पहले रेस्टोरेंट क्षतिग्रस्त
बुलडोजर कार्रवाई में गिरा बिजली का खंभा, PWD ने मानी गलती
वाराणसी (जनवार्ता)। गोलघर-संदहा फोरलेन परियोजना के तहत चल रहे ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान रविवार को एक हादसे में नवाबी जायका रेस्टोरेंट क्षतिग्रस्त हो गया। संयोग से इसी दिन रेस्टोरेंट का भव्य उद्घाटन होना था।
जानकारी के अनुसार, लोक निर्माण विभाग की टीम अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान बुलडोजर की टक्कर से एक बिजली का खंभा टूटकर रेस्टोरेंट पर गिर गया। हादसे में रेस्टोरेंट का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और शीशे टूट गए। बिजली के तार टूटने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हो गई।
रेस्टोरेंट संचालक राजू अली ने विभागीय अधिकारियों से नाराजगी जताई। इस पर PWD अधिकारियों ने घटना को अनजाने में हुई चूक बताते हुए नुकसान की भरपाई का आश्वासन दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन पर सवाल उठाए हैं। गौरतलब है कि शहर में इन दिनों कई विकास परियोजनाओं के तहत बड़े पैमाने पर सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है।


