मिर्जामुराद के खोचवां हेलीपैड पर उतरा वायुसेना का विशाल हेलीकॉप्टर
अधिकारियों ने परखी व्यवस्थाएं
वाराणसी। भारतीय वायुसेना के ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खोचवां स्थित हेलीपैड पर भारतीय वायुसेना का विशाल हेलीकॉप्टर उतरा। हेलीकॉप्टर के पहुंचने के बाद प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने हेलीपैड स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान राजातालाब के उपजिलाधिकारी शांतुन कुमार सिनसिनवार, एसीपी राजातालाब वीर सिंह, तहसीलदार राजातालाब संत विजय सिंह, नायब तहसीलदार संग्राम सिंह, मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा, कछवां रोड चौकी प्रभारी संदीप सिंह और लेखपाल धीरेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। मौके पर मिर्जामुराद पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस की टीम भी मुस्तैद रही।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर को प्रस्तावित वाराणसी दौरे के मद्देनजर सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सतर्क है। प्रधानमंत्री के मिर्जामुराद क्षेत्र स्थित खोचवां में कपड़ा फैक्ट्री में कार्यरत महिलाओं से संवाद करने का भी कार्यक्रम प्रस्तावित बताया गया है। इसके बाद उनके नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के एयर शो में शामिल होने की योजना है।
एयर शो के मद्देनजर वाराणसी में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी विभिन्न स्थलों, हेलीपैड और आवागमन मार्गों का निरीक्षण कर रहे हैं। खोचवां में वायुसेना के हेलीकॉप्टर के उतरने और अधिकारियों के स्थलीय निरीक्षण को प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

