रोहनिया : पुलिस मुठभेड़ में किराना व्यापारी हत्याकांड के दो शूटर गिरफ्तार
दोनों के पैर में लगी गोली

वाराणसी । रोहनिया थाना क्षेत्र में सोमवार को एसओजी और रोहनिया पुलिस की संयुक्त टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी 8 जून को अवलेशपुर में हुए किराना व्यापारी जितेंद्र पटेल हत्याकांड में वांछित थे।
पुलिस के अनुसार, 8 जून की रात अवलेशपुर स्थित सौरभ विहार कॉलोनी में किराना व्यापारी जितेंद्र पटेल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में रोहनिया थाने में मुकदमा दर्ज कर एसओजी और स्थानीय पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
जांच के दौरान हिरासत में लिए गए तीन संदिग्धों से पूछताछ में पुलिस को सूचना मिली कि हत्या में शामिल दो मुख्य शूटर चुनार से अखरी जाने वाले मार्ग पर मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ज्ञानशु पटेल और गोलू पटेल के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने जितेंद्र पटेल की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टीवीएस रोनिन बाइक, हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल, एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए।
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीन बिक्री से जुड़े करीब 80 लाख रुपये के लेन-देन और आपसी विवाद की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे षड्यंत्र की जांच की जा रही है।

