बेसमेंट के दुरुपयोग पर वीडीए सख्त
वाराणसी (जनवार्ता)। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) शहर के व्यावसायिक भवनों में बेसमेंट के उपयोग की जांच करेगा। विशेष रूप से उन भवनों को चिन्हित किया जाएगा, जहां पार्किंग के लिए स्वीकृत बेसमेंट का उपयोग दुकानों या कर्मचारियों के आवास के रूप में किया जा रहा है।

सोमवार को वीडीए के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे भवनों का निरीक्षण कर सूची तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कई भवनों में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत बेसमेंट का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है, जो नियमों का उल्लंघन है।
उन्होंने बताया कि लखनऊ में कोचिंग संस्थान में आग लगने की घटना के बाद प्रदेशभर में व्यावसायिक भवनों की जांच अभियान चलाया जा रहा है। कई स्थानों पर आवश्यक अभिलेख और स्वीकृत मानचित्र नहीं मिलने पर भवनों को सील भी किया गया है।
उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि वाराणसी में भी नियमों के विपरीत निर्माण या बेसमेंट के दुरुपयोग के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

