वाराणसी में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ
डॉ. नीलकंठ तिवारी ने दिखाई जागरूकता रैली को हरी झंडी
वाराणसी (जनवार्ता)। जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, दुर्गाकुंड परिसर से हुआ। पूर्व मंत्री एवं शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने जन-जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली सीएमओ कार्यालय से दुर्गाकुंड, लंका और बीएचयू होते हुए शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दुर्गाकुंड पर समाप्त हुई। इसमें नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।


इस अवसर पर डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल संचारी रोगों का उपचार नहीं, बल्कि जन-जागरूकता के माध्यम से उनकी रोकथाम सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, जलभराव की रोकथाम तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त कर डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, एईएस एवं जापानी इंसेफेलाइटिस जैसे रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील की।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि जुलाई माह भर चलने वाले अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के समन्वय से स्वच्छता अभियान, नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, सोर्स रिडक्शन, एंटी-लार्वा गतिविधियां, फॉगिंग तथा जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बुखार, टीबी, कुपोषण एवं अन्य संचारी रोगों के संभावित मरीजों की पहचान कर आवश्यक जांच और उपचार सुनिश्चित करेंगी।
सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार ने जनपद में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा स्वास्थ्य संस्थानों के विकास में योगदान के लिए डॉ. नीलकंठ तिवारी का आभार भी व्यक्त किया।
डॉक्टर्स डे पर चिकित्सकों का सम्मान
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर डॉ. नीलकंठ तिवारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. निकुंज वर्मा, डॉ. सौरभ सिंह एवं डॉ. अजय सिंह को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सक अपने ज्ञान, सेवा और समर्पण से समाज को स्वस्थ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनकी सेवाएं सदैव सम्मान एवं प्रेरणा का विषय रहेंगी।
कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. शिशिर, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. शरद चंद पाण्डेय, मलेरिया अधिकारी सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

