दुकान में घुसकर बुजुर्ग महिला से चेन लूटने वाला गिरफ्तार
लूटी गई चेन व चोरी की बाइक बरामद
वाराणसी। सारनाथ थाना पुलिस ने 6 जुलाई को बुजुर्ग महिला से हुई चेन लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लूटी गई करीब 9.09 ग्राम वजन की पीली धातु की चेन तथा घटना में प्रयुक्त चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, खजुही निवासी मोहित कुमार गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बाइक सवार दो बदमाश उनकी 71 वर्षीय मां की दुकान में घुस गए और मारपीट कर उनके गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। मामले में सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने शनिवार तड़के हवेलिया क्रॉसिंग के पास से विजय चौहान उर्फ लकी (20), निवासी लोहता लालपुर, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ अस्सी घाट से बुलेट मोटरसाइकिल चोरी करने तथा रेकी के बाद वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि वह लूटी गई चेन बेचने जा रहा था, तभी पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध पहले से भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

