बेंगलुरु की घर में बड़ी जीत, पहली बार लखनऊ को चिन्नास्वामी में हराया
बेंगलुरु (जनवार्ता)।
आईपीएल 2026 के 23वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स को 5 विकेट से हरा दिया। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में आरसीबी ने 147 रन का लक्ष्य 15.1 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ बेंगलुरु ने अपने घरेलू मैदान पर पहली बार लखनऊ को हराने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ की टीम आरसीबी के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह संघर्ष करती नजर आई और 20 ओवर में 146 रन ही बना सकी। बेंगलुरु की ओर से रसिख डार सलाम ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। इन दोनों गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ के सामने लखनऊ के बल्लेबाज खुलकर रन नहीं बना सके और टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही।
147 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को विराट कोहली ने तेज और मजबूत शुरुआत दी। कोहली ने 34 गेंदों में 49 रन की अहम पारी खेली और टीम को जीत की राह पर डाल दिया। इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार ने 13 गेंदों पर 27 रन की तेज पारी खेली, जबकि जितेश शर्मा ने सिर्फ 9 गेंदों में 23 रन बनाकर मैच पूरी तरह बेंगलुरु के पक्ष में कर दिया। आखिर में टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड 14-14 रन बनाकर नाबाद लौटे और टीम को 29 गेंद शेष रहते शानदार जीत दिला दी।
इस जीत के साथ आरसीबी ने पॉइंट्स टेबल में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। खास बात यह रही कि एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में लखनऊ के खिलाफ पिछले दोनों मुकाबले हारने के बाद बेंगलुरु ने इस बार इतिहास बदलते हुए पहली घरेलू जीत दर्ज की।

