समाधान दिवस पर अपर पुलिस उपायुक्त ने सुनीं जनसमस्याएं
समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण के दिए निर्देश
वाराणसी (जनवार्ता)। शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ शनिवार को आयोजित होने वाले थाना समाधान दिवस के तहत शनिवार को गोमती जोन के थाना फूलपुर में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।


अपर पुलिस उपायुक्त ने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक प्रार्थना पत्र की मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच की जाए। दोनों पक्षों को सुनने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को शीघ्र न्याय मिल सके।

उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद, पैमाइश और अन्य राजस्व संबंधी मामलों के निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं को उनकी शिकायत पर की गई कार्रवाई से समय-समय पर अवगत कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
थाना समाधान दिवस के अवसर पर पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं गोमती जोन के सभी थानों पर भी संयुक्त टीमों द्वारा जनसुनवाई आयोजित कर प्राप्त शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।

