जालसाजी कर लाखों हड़पने के आरोप में पिता-पुत्र गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता)। चेतगंज थाना पुलिस ने जालसाजी कर फर्जी दस्तावेज तैयार करने और धोखाधड़ी के जरिए 6.82 लाख की ठगी करने के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में समीर धवन (50 वर्ष) और उसका पुत्र मनन धवन (21 वर्ष) निवासी वृंदावन कॉलोनी, गोविंद नगर, कानपुर शामिल हैं। दोनों को 14 जुलाई को उनके कानपुर स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त महिंद्रा XUV300 भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाकर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और धोखाधड़ी कर कुल 6,82,700 हड़प लिए। पीड़ितों की शिकायत पर चेतगंज थाने में मुकदमा संख्या 102/2026 एवं 103/2026 दर्ज किया गया था। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों को गिरफ्तार किया गया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध चेतगंज थाने में इसी प्रकार के अन्य आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं।

