जनसुनवाई के दौरान महिला को थप्पड़ मारने वाली महिला दरोगा निलंबित
वाराणसी (जनवार्ता)। चौबेपुर थाना परिसर में जनसुनवाई के दौरान एक महिला आगंतुक को थप्पड़ मारने के मामले में पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। मामले में तैनात महिला उपनिरीक्षक कुमारी रौशनी सिंह को निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस उपायुक्त (वरुणा जोन) की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई को चौबेपुर थाने में जनसुनवाई के दौरान महिला आगंतुक के साथ अभद्र व्यवहार और थप्पड़ मारने की शिकायत सामने आई थी। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच शुरू की गई।
जांच एवं विभागीय कार्रवाई के क्रम में पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन ने महिला उपनिरीक्षक कुमारी रौशनी सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विभागीय जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसुनवाई के दौरान आने वाले नागरिकों के साथ मर्यादित एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करना सभी पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी है तथा अनुशासनहीनता या दुर्व्यवहार के मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

