चार्जिंग के दौरान ई-स्कूटी फटी, वकील के मकान में भीषण आग
कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र स्थित विश्व बैंक कॉलोनी में गुरुवार रात करीब 10 बजे चार्जिंग पर लगी ई-स्कूटी में अचानक धमाका हो गया। धमाके के बाद लगी आग ने पार्किंग में खड़ी सफारी कार और बुलेट मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में आग वकील सुधांशु सचान के तीन मंजिला मकान की दो मंजिलों तक फैल गई।
हादसे के समय सुधांशु सचान, उनकी पत्नी, पिता और मां तीसरी मंजिल पर मौजूद थे। धुआं उठता देख सभी लोग सीढ़ियों के रास्ते सुरक्षित बाहर निकल आए। सूचना पर पहुंची दमकल की चार गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


