जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं 200 फरियादें, बोले- गंभीर बीमारियों के इलाज का खर्च उठाएगी सरकार
गोरखपुर (जनवार्ता)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार हर जरूरतमंद की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है और गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक तंगी किसी की बाधा नहीं बनेगी।


गोरखनाथ मंदिर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने लोगों से सीधे संवाद कर उनके प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपे और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय न हो और हर मामले में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए। राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने तथा पारिवारिक विवादों में पहले आपसी संवाद और उसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा कि पैसे के अभाव में किसी का उपचार नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को जरूरतमंद मरीजों के इलाज का एस्टीमेट जल्द तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने पर भी जोर दिया।
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मंदिर की गोशाला में पहुंचकर गायों और गोवंश को गुड़ खिलाया तथा गोशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर देखभाल से जुड़े आवश्यक निर्देश दिए।

