साइबर ठगी गैंग का भंडाफोड़, महिला सरगना, पोस्टमैन समेत 6 गिरफ्तार
76.44 लाख की 21 शिकायतों से जुड़े बैंक खाते बरामद
वाराणसी (जनवार्ता)। सिगरा और साइबर क्राइम सेल की संयुक्त टीम ने प्रदेशव्यापी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह की महिला सरगना, बैंक किट की डिलीवरी कराने वाले पोस्टमैन समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में इनसे जुड़े बैंक खातों पर देशभर के विभिन्न राज्यों से 21 साइबर ठगी की शिकायतें मिली हैं, जिनमें कुल 76,44,476.97 की धोखाधड़ी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों को पैसों का लालच देकर उनके आधार कार्ड में कूटरचना कर पता बदल देते थे। इसके बाद फर्जी पते के आधार पर वाराणसी के विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाए जाते थे। बैंक से जारी चेकबुक, पासबुक और डेबिट कार्ड को पोस्टमैन की मिलीभगत से वास्तविक खाताधारक तक पहुंचने से पहले ही हासिल कर लिया जाता था। इसके बाद बैंक किट और लिंक मोबाइल सिम साइबर ठगों को भेज दिए जाते थे, जिनका इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी में किया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 पासबुक, 7 चेकबुक, 3 डेबिट कार्ड, 6 मोबाइल फोन, 2 पैन कार्ड और 3 फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं। आरोपियों को 26 जुलाई को महमूरगंज स्थित ओम पब्लिक स्कूल तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ सिगरा थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद बैंक खातों का उपयोग बिहार, कर्नाटक, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, हरियाणा, महाराष्ट्र, असम और मणिपुर सहित कई राज्यों में हुई साइबर ठगी में किया गया था। गिरोह के एक आरोपी जितेंद्र कुमार कन्नौजिया के खिलाफ जौनपुर में भी साइबर अपराध और आईटी एक्ट के तहत पूर्व से मुकदमा दर्ज है। कार्रवाई थाना सिगरा पुलिस और साइबर क्राइम सेल की संयुक्त टीम ने की।

