भाजपा महानगर कार्यालय में सामूहिक रूप से सुना गया प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम
वाराणसी (जनवार्ता)। भारतीय जनता पार्टी महानगर कार्यालय गुलाब बाग में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, व्यापारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।


कार्यक्रम के उपरांत महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशभर में हो रहे सकारात्मक कार्यों, नवाचारों और प्रेरणादायी प्रयासों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में राष्ट्र निर्माण, आत्मनिर्भर भारत, जल संरक्षण, भारतीय संस्कृति और युवाओं की उपलब्धियों पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ‘वन राइड, वन नेशन, वन सैल्यूट’ अभियान की सराहना की। साथ ही भारतीय नौसेना में स्वदेशी युद्धपोत आईएनएस महेंद्रगिरि के शामिल होने, डीआरडीओ द्वारा पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट के सफल परीक्षण, रक्षा क्षेत्र में बढ़ती आत्मनिर्भरता और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में ‘कैच द रेन’ अभियान के माध्यम से जल संरक्षण, पी.वी. सिंधु की जापान ओपन में जीत, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक उपलब्धि, ‘विक्रम-1’ के सफल प्रक्षेपण, अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड में भारतीय छात्रों की सफलता, स्वयं सहायता समूहों की प्रेरक पहल, खादी एवं हथकरघा उत्पादों को बढ़ावा, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर प्रधानमंत्री के विचारों को भी साझा किया गया। साथ ही पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को उनकी पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर नवीन कपूर, चंद्रशेखर उपाध्याय, मधुकर चित्रांश, मधुप सिंह, प्रमील पांडेय, अखिलेंद्र सिंह सनी, प्रमोद यादव मुन्ना, अजय गुप्ता, पंकज चतुर्वेदी, अनिल उपाध्याय, हीरा यादव, योगेश वर्मा, सुधीर सिंह, अमित श्रीवास्तव, अभिषेक श्रीवास्तव, राजेंद्र सिंह पटेल, विनय सिंह, साधना वेदांती, रचना अग्रवाल, कुशाग्र श्रीवास्तव, विनोद भारद्वाज, अशोक मिश्रा, शशांक अग्रवाल, समीर माथुर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

