गुरु पूर्णिमा पर गुरु भक्ति में डूबी काशी
वाराणसी (जनवार्ता)। गुरु पूर्णिमा (आषाढ़ पूर्णिमा) के अवसर पर बुधवार को धर्मनगरी काशी गुरु भक्ति में सराबोर रही। शहर के प्रमुख मठों, आश्रमों और गुरुपीठों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। देश-विदेश से पहुंचे शिष्यों ने अपने गुरुजनों के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया और गुरु वंदना के साथ महापर्व मनाया।

पड़ाव स्थित अघोर पीठ श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम, शिवाला स्थित अघोरपीठ बाबा कीनाराम स्थली क्रीं कुंड, मणिकर्णिका घाट स्थित सतुआ बाबा आश्रम, श्री धर्मसंघ शिक्षामंडल और केदारघाट स्थित श्री विद्यामठ समेत शहर के विभिन्न मठों और आश्रमों में विशेष पूजा-अर्चना, आरती, गुरु पूजन और आशीर्वाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों का पूजन कर सुख, समृद्धि और आध्यात्मिक उन्नति की कामना की।
इसके अलावा विशेश्वरगंज स्थित संगत चेतन मठ, अस्सी के आदि जगद्गुरु शंकराचार्य महासंस्थानम्, गुरुधाम कॉलोनी स्थित श्रीराम मंदिर, गड़वाघाट के संतमत आश्रम और ईश्वरगंगी स्थित पातालपुरी मठ में भी गुरु पूर्णिमा के अवसर पर दिनभर धार्मिक अनुष्ठान और प्रवचन आयोजित हुए। पूरे शहर में गुरु वंदना और आस्था का माहौल बना रहा।

