श्रावण मेला और कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीसीपी वरुणा ने लिया जायजा
मंदिरों में परखी सुरक्षा व्यवस्था
वाराणसी (जनवार्ता) । श्रावण मेला एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस उपायुक्त (वरुणा जोन) ने अपर पुलिस उपायुक्त के साथ मार्कण्डेय महादेव, सारंगनाथ, कर्मदेश्वर और शूलटंकेश्वर मंदिरों सहित कांवड़ यात्रा मार्गों का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान मार्कण्डेय महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं को ट्रैक्टर-ट्रॉली से ले जाया जाता पाया गया। संभावित दुर्घटना को देखते हुए पुलिस ने तत्काल ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रुकवाया और श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों को सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंदिर परिसरों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, पीएसी और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।
यातायात व्यवस्था के तहत कांवड़ियों के लिए एक लेन आरक्षित की गई है तथा मंदिरों में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग बनाए गए हैं। प्रमुख स्थानों पर बूम बैरियर लगाए गए हैं ताकि आवागमन सुचारु बना रहे।
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मंदिरों, कांवड़ शिविरों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई है। इसके अलावा यूपी-112 की पीआरवी लगातार कांवड़ यात्रा मार्गों पर गश्त करेगी।
भीड़ प्रबंधन के लिए दर्शन हेतु कतार प्रणाली लागू की गई है। महिलाओं के लिए अलग लाइन की व्यवस्था की गई है तथा मंदिर परिसर के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न हो, इसके लिए पुलिस लगातार निगरानी रखेगी।

