अपराधियों पर कार्रवाई और जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : योगी
जनता दर्शन में सीएम योगी सख्त
लखनऊ (जनवार्ता) । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सावन के प्रथम सोमवार को धार्मिक अनुष्ठानों और मानसून सत्र की व्यस्तताओं के बीच भी जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


जनता दर्शन के दौरान पुलिस से संबंधित शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी और मुकदमों में दबाव बनाने जैसी शिकायतों पर नाराजगी जताई।

मुख्यमंत्री ने शासन स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन जनपदों से पुलिस संबंधी शिकायतें अधिक प्राप्त हो रही हैं, वहां संबंधित पुलिस कप्तानों की जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और हर शिकायत का संवेदनशीलता के साथ शीघ्र समाधान किया जाए।
सीएम योगी ने राजस्व एवं पुलिस से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि पारिवारिक विवादों का पहले आपसी संवाद के माध्यम से समाधान कराया जाए, आवश्यकता पड़ने पर विधिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण पूरी तत्परता, पारदर्शिता और मानवीय संवेदनशीलता के साथ किया जाए, ताकि प्रत्येक फरियादी को न्याय और संतोष मिल सके।

