हाजीपुर : मॉर्निंग वॉक पर निकले ठेकेदार की गोली मारकर की हत्या
बदमाशों ने करीब 10 राउंड की फायरिंग कर बनाया निशाना, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हाजीपुर (जनवार्ता)। बिहार के हाजीपुर में गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक ठेकेदार की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान रामनरेश राय के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, रामनरेश राय सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान घात लगाए बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं। गोली लगने से रामनरेश राय गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े।
गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग घायल ठेकेदार को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

