भदोही में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
250 पुलिसकर्मियों ने दिया देशभक्ति का संदेश
ज्ञानपुर (जनवार्ता)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के परिप्रेक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत गुरुवार को भदोही में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित यात्रा दुर्गागंज तिराहा, ज्ञानपुर से पुलिस लाइन ज्ञानपुर तक निकाली गई।


तिरंगा यात्रा में क्षेत्राधिकारी कार्यालय के अधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन ज्ञानपुर, प्रभारी निरीक्षक यातायात भदोही, थाना ज्ञानपुर के पुलिसकर्मियों समेत पुलिस लाइन एवं पुलिस कार्यालय में तैनात करीब 250 पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी पुलिसकर्मी हाथों में तिरंगा लेकर मार्च में शामिल हुए।
यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत रहा। पुलिसकर्मियों ने ‘जय हिंद’ और ‘वंदे मातरम’ के गगनभेदी नारों के साथ देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ का उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देना है। जिले में 9 अगस्त से लगातार अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें तिरंगा यात्रा और फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन को राष्ट्रध्वज के सम्मान और देश के प्रति गौरव का संदेश दिया जा रहा है।

