राजेश्वरी महिला पीजी कॉलेज में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
वाराणसी (जनवार्ता)। हरहुआ स्थित राजेश्वरी महिला पीजी कॉलेज में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। समारोह का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक एवं साहित्यकार डॉ. राघवेन्द्र नारायण सिंह ने ध्वजारोहण कर किया।


इस अवसर पर डॉ. राघवेन्द्र नारायण सिंह ने शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए छात्राओं एवं शिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता मनुष्य का मौलिक और जन्मजात अधिकार है तथा देश, समाज और मानवता की प्रगति एवं खुशहाली के लिए यह अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्वतंत्रता और स्वच्छंदता के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए कहा कि स्वतंत्रता असीमित नहीं होती, उसकी एक निर्धारित सीमा होती है, जिसका निर्धारण संविधान, समाज और सभ्यता द्वारा किया जाता है ताकि नागरिक जीवन सुचारु रूप से संचालित हो सके।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के साथ नागरिकों में कर्तव्यबोध का होना भी आवश्यक है। यदि अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन न किया जाए तो अराजकता और स्वच्छंदता समाज तथा राष्ट्र के लिए संकट का कारण बन सकती है।
समारोह के दौरान महाविद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिनकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम में डॉ. सुनीता कन्नौजिया, ज्योति गुप्ता, शिल्पी श्रीवास्तव, शालू गिरि, इकबाल अहमद, डॉ. डी.के. तिवारी सहित अन्य शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन शिल्पी श्रीवास्तव ने किया, जबकि उपनिदेशक अंशुमान सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

