गश्त के दौरान ट्रेलर से टकराई पुलिस की कार, उपनिरीक्षक की मौत
अयोध्या (जनवार्ता)। पूराकलंदर थाना क्षेत्र में रायबरेली मार्ग पर नऊवा कुआं के पास देर रात गश्त के दौरान भीषण सड़क हादसे में उपनिरीक्षक की मौत हो गई, जबकि कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिसकर्मियों की कार गिट्टी लदे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के अनुसार, गश्त के दौरान पुलिस की कार की गिट्टी लदे ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में उपनिरीक्षक आकाश यादव और कांस्टेबल प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी पुलिसकर्मियों ने दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने 28 वर्षीय उपनिरीक्षक आकाश यादव को मृत घोषित कर दिया।
उपनिरीक्षक आकाश यादव मूल रूप से जौनपुर जनपद के रहने वाले थे। वहीं, 27 वर्षीय कांस्टेबल प्रदीप कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
उपनिरीक्षक आकाश यादव के निधन पर आजाद समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मिल्कीपुर के पूर्व विधायक प्रत्याशी सूरज चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने आकाश यादव को अपना प्रिय मित्र बताते हुए कहा कि वह तेजतर्रार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी थे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

