ढोल-नगाड़ों की थाप और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों से गूंज उठी अयोध्या, सातों कांडों की झांकियों ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

ढोल-नगाड़ों की थाप और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों से गूंज उठी अयोध्या, सातों कांडों की झांकियों ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने साकेत महाविद्यालय से दिखाई हरी झंडी, तीन किलोमीटर की शोभायात्रा पहुंची रामकथा पार्क

अयोध्या । दसवें दीपोत्सव के अवसर पर शनिवार को अयोध्या का रामपथ रामायण के जीवंत प्रसंगों का साक्षी बना। ढोल-नगाड़ों की गूंज, लोक कलाकारों के पारंपरिक नृत्य और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच निकली भव्य शोभायात्रा ने श्रद्धालुओं को त्रेतायुग की अनुभूति कराई। रथों पर सजी 21 आकर्षक झांकियों में प्रभु श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों के साथ उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा भी प्रदर्शित की गई।

rajeshswari

शोभायात्रा में महिला कलाकारों ने कंधों पर ढोल रखकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। नगाड़ों और ताशों की थाप पर कलाकारों के करतब तथा विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों ने रामपथ पर उत्सव का माहौल बना दिया। कहीं प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के दिव्य स्वरूप नजर आए तो कहीं बजरंगबली के पराक्रम का प्रदर्शन हुआ। रामायण के प्रसंगों को सजीव रूप में देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

तीन किलोमीटर की शोभायात्रा में शामिल हुईं 21 झांकियां

साकेत महाविद्यालय से पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया। लगभग तीन किलोमीटर की यात्रा पूरी कर शोभायात्रा रामकथा पार्क पहुंची। इसमें सात झांकियां रामायण के सातों कांडों पर आधारित थीं, जबकि 14 झांकियों के माध्यम से योगी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।

रामायण आधारित झांकियों में बालकांड के रामजन्म और बाल लीलाओं, अयोध्याकांड के वनगमन, अरण्यकांड के वनवास प्रसंग, किष्किन्धाकांड में सुग्रीव और हनुमान से मिलन, सुंदरकांड में बजरंगबली के पराक्रम, लंकाकांड में रावण के साथ युद्ध तथा उत्तरकांड की कथा को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया।

इसे भी पढ़े   भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री का एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत

सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की भी दिखी झलक

शोभायात्रा में जल जीवन मिशन, एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी), कृषि एवं पशुपालन, आयुष्मान कैशलेस योजना, स्वच्छ एवं हरित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत, उत्तर प्रदेश पुलिस, मिशन शक्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, आत्मनिर्भर नारी, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर सहित विभिन्न योजनाओं की झांकियां शामिल रहीं। अलग-अलग राज्यों से आए कलाकारों की पारंपरिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को सांस्कृतिक विविधता का स्वरूप दिया।

दीपोत्सव अब पूरे विश्व का पर्व बन चुका है : जयवीर सिंह

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव अलौकिक, दिव्य और भव्य आयोजन बन चुका है। यह केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि पूरे विश्व का पर्व बन गया है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष दीपोत्सव अपने पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ता है और इस बार भी नया कीर्तिमान स्थापित करने की तैयारी है। सातों कांडों पर आधारित झांकियां राम में अयोध्या, सनातन में अयोध्या और विरासत में अयोध्या का दर्शन करा रही हैं।

श्रद्धालुओं ने की कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना

शोभायात्रा देखने पहुंचे उन्नाव के सुशील कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में अयोध्या का भव्य स्वरूप देखने को मिल रहा है। दीपोत्सव और शोभायात्रा ने मन आनंदित कर दिया। जौनपुर के राम कुमार ने रामायण की झांकियों और कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की, जबकि बलरामपुर की सुशीला ने कहा कि रामकथा के सजीव मंचन ने उनका मन मोह लिया।

शोभायात्रा के दौरान रामपथ के दोनों ओर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। लोग प्रभु श्रीराम के स्वरूपों और रामायण के प्रसंगों को अपलक निहारते रहे। जगह-जगह जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण गूंजता रहा। भक्ति, लोकसंस्कृति और रामायण की परंपरा का यह संगम दसवें दीपोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहा।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *