जलजमाव के विरोध में कौशलपुरी के लोगों ने किया चक्काजाम
बोले-समस्या का समाधान होने तक जारी रहेगा विरोध
वाराणसी (जनवार्ता)। सुसुवाही वार्ड संख्या 39 की कौशलपुरी कॉलोनी में पिछले करीब 15 दिनों से जलजमाव की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों का गुस्सा रविवार को सड़क पर फूट पड़ा। जलभराव और गंदगी के विरोध में कॉलोनीवासियों ने धरना-प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया। इस दौरान लोगों ने क्षेत्रीय पार्षद सुरेश सिंह पटेल ‘गुड्डू’ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष जताया।

अवनीश कुमार सिंह ‘जय’ के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने सुसुवाही-नासीरपुर होते हुए चितईपुर मार्ग पर बांस-बल्ली लगाकर यातायात बाधित कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि बारिश से पहले नाली की सफाई और मरम्मत कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन समय रहते काम नहीं कराया गया। इसके कारण बारिश के बाद कॉलोनी की सड़कें जलमग्न हो गईं और कई घरों में भी पानी घुसने लगा है।
सूचना मिलने पर पार्षद सुरेश पटेल जलकल विभाग का टैंकर लेकर मौके पर पहुंचे, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने उन्हें कॉलोनी में प्रवेश नहीं करने दिया। लोगों ने कहा कि समस्या को लेकर नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों से कई बार शिकायत की गई, बावजूद इसके अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक जलभराव के कारण करीब सौ परिवार प्रभावित हैं। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को घरों से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है। लंबे समय से जमा पानी और गंदगी के कारण संक्रमण एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की आशंका भी बनी हुई है।
प्रदर्शन में अवनीश कुमार सिंह ‘जय’, अतुल खरे, अतुल राय, रुद्र सिंह, प्रेम चंद्र चौरसिया, आरएस यादव, संजय तिवारी, सुशील श्रीवास्तव और विनोद यादव समेत बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया जाता, उनका विरोध जारी रहेगा।

