संभल : डंपर की टक्कर से टेंपो सवार दो मासूम भाई-बहन समेत पांच की मौत
संभल। बहजोई थाना क्षेत्र में आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम भाई-बहन समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद टेंपो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया। वहीं, डंपर भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद पलट गया।

जानकारी के अनुसार हादसा जिला मुख्यालय से करीब दो किलोमीटर दूर बम्नेटा गांव के पास सुबह करीब नौ बजे हुआ। बालू लदा डंपर टेंपो को टक्कर मारते हुए अनियंत्रित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आगे चल रहे ई-रिक्शा के अचानक यू-टर्न लेने के कारण डंपर चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया, इसी दौरान डंपर अनियंत्रित होकर टेंपो से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो उछलकर करीब दस फीट दूर जा गिरा।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू करते हुए घायलों को सड़क किनारे पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बहजोई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बहजोई भेजा गया। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान चार और लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान तीन माह की आराध्या, छह वर्षीय ध्रुव, उनकी 20 वर्षीय मामी रोहिणी, 40 वर्षीय टेंपो चालक सौदान पाल और 30 वर्षीय रूवैद के रूप में हुई है। हादसे में घायल पांच लोगों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दी गई। घटना के बाद से परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

