शिवपुर और रामलीला क्षेत्र में बंदरों के आतंक से दहशत
घरों में घुसकर सामान ले जाने से परेशान लोग
वाराणसी (जनवार्ता)। शिवपुर थाना, रामलीला मैदान और आसपास के इलाकों में बंदरों के बढ़ते आतंक से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि बंदरों के झुंड आए दिन अचानक लोगों और बच्चों पर हमला कर रहे हैं। इसके चलते बच्चों का अकेले स्कूल जाना और बाहर खेलना भी मुश्किल हो गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार बंदर घरों में घुसकर खाने-पीने का सामान, कपड़े और अन्य वस्तुएं उठा ले जाते हैं। कई बार मोबाइल समेत सामान छीनने की घटनाएं भी सामने आने का दावा किया जा रहा है। बंदरों के हमले की आशंका के चलते बुजुर्ग और राहगीर भी सतर्क होकर आवाजाही कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रामलीला का आयोजन भी नजदीक है। ऐसे में क्षेत्र में लोगों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे बंदरों के कारण परेशानी और बढ़ने की आशंका है। लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से बंदरों को पकड़ने के लिए तत्काल अभियान चलाने की मांग की है।
लोगों ने कहा कि वाराणसी शहर में बंदरों को पकड़ने और उनके प्रबंधन की जिम्मेदारी वन विभाग को दिए जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में संबंधित विभाग को शिवपुर और रामलीला क्षेत्र की समस्या का संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
स्थानीय लोगों कमलेश केशरी समेत अन्य लोगों ने मांग की कि किसी बड़ी घटना से पहले बंदरों को नियंत्रित करने के लिए अभियान चलाया जाए और समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए।

