सफाई में लापरवाही पर 16 कर्मियों का कटा वेतन

सफाई में लापरवाही पर 16 कर्मियों का कटा वेतन

गंदगी, जलजमाव और खराब स्ट्रीट लाइटों की मिलीं खामियां

वाराणसी (जनवार्ता)। शहर की सफाई व्यवस्था और मूलभूत नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम के अधिकारियों ने गुरुवार को सरसौली, मध्यमेश्वर, हुकुलगंज और सरायनंदन वार्डों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य मार्गों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिली, लेकिन कई गलियों में गंदगी, नालियों में सिल्ट, खाली प्लॉटों में कचरे के ढेर, जलजमाव और दिन में जलती स्ट्रीट लाइट जैसी खामियां सामने आईं।

rajeshswari

चारों वार्डों में 16 सफाई कर्मी बिना सूचना ड्यूटी से नदारद मिले। इनमें सरसौली और मध्यमेश्वर वार्ड के पांच-पांच तथा हुकुलगंज और सरायनंदन वार्ड के तीन-तीन कर्मचारी शामिल हैं। नगर निगम अधिकारियों ने अनुपस्थित सभी कर्मचारियों का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले सुपरवाइजरों को चेतावनी दी गई।

सरसौली वार्ड में पांच कर्मचारी अनुपस्थित

संयुक्त नगर आयुक्त जितेंद्र कुमार आनंद के निरीक्षण में सरसौली वार्ड में 50 में से पांच सफाई कर्मी अनुपस्थित मिले। वर्षा के कारण गलियों में काई और झाड़ियां मिलीं, जिन्हें तत्काल साफ कराया गया। दिन में जल रही स्ट्रीट लाइटों को मौके पर ठीक कराया गया। धंसे चौकों और दबे सीवर ढक्कनों की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए।

मध्यमेश्वर में नालियों की सफाई के निर्देश

अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता के निरीक्षण में मध्यमेश्वर वार्ड में 46 में से पांच कर्मचारी अनुपस्थित मिले। मेडविन अस्पताल के सामने नाली में सिल्ट और मैदागिन चौराहे के पास नाली ध्वस्त मिली। कबीरचौरा अस्पताल और जलकल कार्यालय के पास जल निकासी के लिए नई गलीपिट बनाने के निर्देश दिए गए।

इसे भी पढ़े   केन्द्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान का भाजपा कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर किया जोरदार स्वागत

हुकुलगंज में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान मिला असंतोषजनक

अपर नगर आयुक्त अमित कुमार के निरीक्षण में हुकुलगंज वार्ड में तीन सफाई कर्मी अनुपस्थित मिले। मुख्य मार्गों पर सफाई व्यवस्था ठीक मिली, लेकिन गलियों की सफाई और घर-घर कूड़ा उठान संतोषजनक नहीं था। लापरवाही पर सुपरवाइजर राजेश कुमार और कवि कुमार को चेतावनी दी गई। सीवर और जलापूर्ति लाइन के कार्य के कारण गलियों में आवागमन की समस्या का भी संज्ञान लिया गया।

सरायनंदन में जलजमाव दूर कराने के निर्देश

संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र के निरीक्षण में सरायनंदन वार्ड में तीन सफाई कर्मी अनुपस्थित मिले। खाली प्लॉटों में फैले कचरे को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। निचले इलाकों में जमा पानी निकालने के लिए सामान्य विभाग की ओर से पंप लगाए गए हैं। जलजमाव वाले क्षेत्रों में एंटी लार्वा और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने के भी निर्देश दिए गए।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *