पिशाचमोचन कुंड में डूबे युवक की मौत, परिजन ई-रिक्शा से लेकर भागे शव
पुलिस ने रास्ते में रोककर शव कब्जे में लिया, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शिवपुर
वाराणसी (जनवार्ता)। सिगरा थाना क्षेत्र के पिशाचमोचन कुंड स्थित बाकड़ेघाट पर बुधवार को नहाते समय एक युवक गहरे पानी में डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एनडीआरएफ की मदद से युवक को कुंड से बाहर निकलवाया और उपचार के लिए कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान मलदहिया मलिन बस्ती निवासी राजू कुमार (35) के रूप में हुई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। पोस्टमार्टम की कार्रवाई को लेकर परिजनों और पुलिस के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि परिजन शव घर ले जाने की मांग को लेकर पुलिसकर्मियों से धक्कामुक्की करने लगे। इसी दौरान परिजन शव को ई-रिक्शा में रखकर अस्पताल से लेकर निकल गए।
शव ले जाने की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने रास्ते में ई-रिक्शा को रोक लिया और शव को वापस मंडलीय अस्पताल लाया गया। इसके बाद शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया। सूचना पर सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा भी अस्पताल पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शिवपुर भेज दिया गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही।

