राष्ट्रीय योग में रजत पदक जीतने वाली छात्राओं के माता-पिता सम्मानित
दिव्या व सोनाली की उपलब्धि पर कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल में हुआ सम्मान समारोह
वाराणसी (जनवार्ता) । कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल, कादीपुर की छात्राओं दिव्या मौर्या और सोनाली मौर्या ने राष्ट्रीय योग चैंपियlनशिप में रजत पदक जीतकर विद्यालय और जनपद का गौरव बढ़ाया। छात्राओं की इस उपलब्धि पर मंगलवार को विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।


विद्यालय परिवार की ओर से छात्राओं के माता-पिता के योगदान को देखते हुए पिता जिलाजीत मौर्या और माता सीमा देवी को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि बच्चों की सफलता में माता-पिता के सहयोग और प्रोत्साहन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
छात्राओं की सफलता में योग प्रशिक्षक संजय यादव और अशोक कुमार के मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण की भी अहम भूमिका रही। विद्यालय की ओर से दोनों प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया और उनके परिश्रम एवं समर्पण की सराहना की गई।
विद्यालय के निदेशक आनंद कुमार श्रीवास्तव और प्रधानाचार्य निधि श्रीवास्तव ने छात्राओं, उनके माता-पिता और प्रशिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दिव्या और सोनाली की उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को योग एवं खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। समारोह में विद्यालय परिवार के सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने दोनों छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।

