बाइक में बनाया तहखाना, सिलेंडर में छिपाई शराब
गोपालगंज। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। गोपालगंज में तस्करी का ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें गैस सिलेंडर और बाइक में छिपाकर शराब ले जाने की तैयारी की गई थी।
तस्करों ने गैस सिलेंडर को इस तरह से काटकर तैयार कराया था कि वह बाहर से सामान्य नजर आए। सिलेंडर के अंदर खाली जगह बनाकर उसमें शराब छिपाने की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा बाइक में भी गुप्त तहखाना तैयार किया गया था।

शराब को फ्रूटी पैक की तरह पैक कर निर्धारित स्थान तक पहुंचाने की योजना थी। हालांकि, पुलिस की सक्रियता के कारण तस्करों की यह योजना सफल नहीं हो सकी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी के इस नए तरीके का खुलासा किया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बाइक और सिलेंडर में इस तरह का बदलाव किसने कराया और शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी।

