यातायात जागरूकता रैली निकाल पुलिस ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना, हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग की अपील
सोनभद्र (जनवार्ता)। यातायात माह नवंबर-2026 के तहत बुधवार को सोनभद्र पुलिस की ओर से रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के बढ़ौली चौराहे से यातायात जागरूकता रैली निकाली गई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वाहन चालकों और आम नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
रैली में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी यातायात सुधीर कुमार सिंह, यातायात प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। यातायात पुलिस, डायल-112 और मिशन शक्ति की टीम ने स्कूटी एवं मोटरसाइकिल के माध्यम से रैली में प्रतिभाग किया। रैली के दौरान लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने वाहन चालकों से दोपहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की। साथ ही नशे की हालत में वाहन न चलाने, गलत दिशा में ड्राइविंग से बचने और यातायात संकेतों एवं सड़क चिह्नों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि यातायात नियमों के प्रति जागरूकता सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक नागरिक को स्वयं नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। यातायात माह के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को सुरक्षित यातायात का संदेश दिया जाएगा। पुलिस ने अपील की कि लोग नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों का जीवन सुरक्षित रखें।


