वाराणसी से हिमाचल के सोलन तक नकली दवाओं की अवैध फैक्ट्री पर छापा

वाराणसी से हिमाचल के सोलन तक नकली दवाओं की अवैध फैक्ट्री पर छापा

नामचीन कंपनियों के ब्रांड के नाम पर 17 प्रकार की दवाओं के अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा

लखनऊ (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश में नकली दवाओं के कारोबार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और विशेष कार्य बल ने बड़ी कार्रवाई की है। वाराणसी, मुरादाबाद और लखनऊ में नकली दवाएं मिलने के बाद उनके निर्माण के स्रोत की तलाश में जुटी जांच टीम हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले तक पहुंच गई। बुधवार को उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की विशेष टीम और उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल ने संयुक्त रूप से सोलन जिले के नालागढ़ स्थित राजपुरा, खेड़ा बाईपास क्षेत्र में संचालित एक अवैध दवा फैक्ट्री पर छापा मारा।

rajeshswari

जांच में सामने आया कि इस फैक्ट्री में नामचीन दवा कंपनियों के ब्रांड के नाम पर महंगी और अधिक मांग वाली दवाओं का अवैध निर्माण किया जा रहा था। यहां प्रतिजैविक, तंत्रिका तंत्र से संबंधित और गैस एवं एसिडिटी की दवाओं सहित कई प्रकार की नकली दवाएं तैयार की जा रही थीं।

दवाएं बनाने वाली मशीनें और पैकिंग सामग्री बरामद

छापेमारी के दौरान फैक्ट्री से दवाओं की पैकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली कई मशीनें और उपकरण बरामद किए गए। इनमें ब्लिस्टर पैकिंग मशीन, एल्युमिनियम पैकिंग मशीन, कैप्सूल भरने की मशीन, वजन मापने के उपकरण, छपी हुई पन्नियां और छपाई से संबंधित उपकरण शामिल हैं। इनकी मदद से नकली दवाओं को नामी कंपनियों के असली उत्पादों जैसा रूप देकर बाजार में उतारने की तैयारी की जा रही थी।

वाराणसी में पकड़ी गई थीं 17 प्रकार की नकली दवाएं

इस पूरे मामले की कड़ी वाराणसी से जुड़ी है। पिछले सप्ताह रोहनिया थाना क्षेत्र में हुई छापेमारी के दौरान 17 प्रकार की नकली दवाएं बरामद की गई थीं। इनमें पैन-डी, प्रेसिज-300, न्यूरो-300, प्रेगाबालिन सी-एजेड, सेफिक्सिम-एजिथ्रोमाइसिन और ए-सिपेक्स-625 जैसी दवाएं शामिल थीं। ए-सिपेक्स-625 में एमोक्सिसिलिन और पोटैशियम क्लैवुलनेट के नाम का इस्तेमाल किया जा रहा था।

इसे भी पढ़े   लखनऊ,कोच्चि और जयपुर समेत इन 10 शहरों में बढ़ी डिमांड,रियल एस्टेट सेक्टर होगा गुलजार!

कई राज्यों तक फैले नेटवर्क की पड़ताल

वाराणसी में बरामद नकली दवाओं के निर्माण स्थल की तलाश करते हुए जांच एजेंसियों का हिमाचल प्रदेश पहुंचना इस अवैध कारोबार के अंतरराज्यीय विस्तार की ओर संकेत करता है। अब जांच एजेंसियां फैक्ट्री के संचालकों, दवाओं के निर्माण में शामिल लोगों और इनके वितरण एवं आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अनुसार, नकली दवाओं के निर्माण और आपूर्ति पर रोक लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा। आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *