नवरात्र के दूसरे दिन काशी में मां ब्रह्मचारिणी की जय-जयकार

नवरात्र के दूसरे दिन काशी में मां ब्रह्मचारिणी की जय-जयकार

दर्शन को लगी भक्तों की कतार

वाराणसी (जनवार्ता)। धर्म और आस्था की नगरी काशी में शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को मां ब्रह्मचारिणी के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। दुर्गा घाट स्थित मां ब्रह्मचारिणी मंदिर में भोर से ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। मंगला आरती के बाद मंदिर के कपाट खुलते ही दर्शन-पूजन का क्रम शुरू हो गया। माता के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।

rajeshswari

काशी की नौ दुर्गा यात्रा में नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी के दर्शन का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां ब्रह्मचारिणी की आराधना से साधक को तप, त्याग और संयम की प्रेरणा तथा जीवन में धैर्य और दृढ़ संकल्प का आशीर्वाद प्राप्त होता है। इसी आस्था के साथ श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में शीश नवाया और फल, फूल व प्रसाद अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

भोर से ही दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु कतारबद्ध होकर अपनी बारी की प्रतीक्षा करते रहे। मंदिर परिसर में भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे। नवरात्र के दूसरे दिन काशी के अन्य सिद्ध देवी मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। वहीं, श्री काशी विश्वनाथ धाम में भी दर्शन-पूजन के लिए भक्त पहुंचे और बाबा विश्वनाथ से सुख-शांति एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। पूरे शहर में नवरात्र की भक्ति और उल्लास का वातावरण दिखाई दिया।

इसे भी पढ़े   सावन के दूसरे शनिवार पर खिचड़ी प्रसाद और शीतल जल का वितरण
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *