वाराणसी में छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए चलेगा विशेष अभियान

वाराणसी में छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए चलेगा विशेष अभियान

18 और 25 अक्टूबर को लगेंगे कैंप

वाराणसी (जनवार्ता)। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र मतदाताओं को जोड़ने के लिए जिला निर्वाचन प्रशासन विशेष अभियान चलाएगा। इसके तहत 18 और 25 अक्टूबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।

rajeshswari

जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची से छूटे पात्र लोगों को फिर से चिह्नित कर उनका नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृतक मतदाताओं (एएसडी) की सूची का दोबारा सत्यापन कराया जाएगा। उन्होंने सभी आठों निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को अपने सुपरवाइजरों के साथ बैठक कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने बताया कि युवा एवं पहली बार मतदान करने वाले पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए कॉलेजों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। जिले में महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने और जेंडर रेशियो को 900 तक पहुंचाने पर भी जोर दिया जाएगा। इसके लिए अगले डेढ़ महीने तक सास-बहू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का सहयोग लिया जाएगा। कम जेंडर रेशियो वाले बूथों पर विशेष अभियान चलाकर महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर 18 अक्टूबर (रविवार) और 25 अक्टूबर (रविवार) को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन दिनों संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाता सूची और पर्याप्त संख्या में फार्म-6, 7 एवं 8 के साथ अपने निर्धारित मतदेय स्थल पर उपस्थित रहेंगे। जिन पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल नहीं हैं या एसआईआर के दौरान किसी कारणवश छूट गए हैं, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ फार्म-6 भरकर नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

इसे भी पढ़े   बीएचयू में गुरुजनों के सम्मान में पौधारोपण अभियान

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। फार्म-6 नए मतदाता का नाम जोड़ने, फार्म-7 नाम हटाने तथा फार्म-8 मतदाता सूची में प्रविष्टि संशोधित कराने या पता बदलने के लिए निर्धारित है।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को विशेष अभियान दिवसों की जानकारी दें और छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान कर उन्हें आवेदन के लिए प्रेरित करें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

बैठक में एडीएम प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार सहित सभी ईआरओ और विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *