माफिया की कब्जाई जमीन पर गरीबों के लिए बनेंगी हवेलियां: योगी

माफिया की कब्जाई जमीन पर गरीबों के लिए बनेंगी हवेलियां: योगी

वाराणसी में मुख्यमंत्री ने 10 स्वच्छता मित्रों को किया सम्मानित

वाराणसी (जनवार्ता) । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया के लिए कोई जगह नहीं है। माफिया द्वारा कब्जाई गई जमीनों को मुक्त कराकर गरीबों, दलितों और वंचितों के लिए आवास बनाए जाएंगे। प्रयागराज में कब्जाई गई जमीन पर गरीबों के लिए बहुमंजिला इमारत बनाने की योजना है। उन्होंने कहा कि सरकार निर्माण करा सकती है, लेकिन उसकी सुरक्षा और संरक्षण की जिम्मेदारी जागरूक समाज और आम जनता की भी है।

rajeshswari

मुख्यमंत्री गुरुवार को कबीरचौरा स्थित सरोजा पैलेस में आयोजित स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने नगर निगम और जल निगम के 10 स्वच्छता मित्रों को मंच पर माला पहनाकर, अंगवस्त्र और उपहार देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता मित्रों पर पुष्पवर्षा की और उन्हें भोजन भी परोसा। कार्यक्रम में जनकल्याणकारी कार्यों पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई।

नींव के पत्थर हैं स्वच्छता कर्मी

मुख्यमंत्री ने स्वच्छता कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे किसी भी व्यवस्था की नींव के पत्थर हैं। वे भले ही दिखाई न दें, लेकिन पूरी इमारत उन्हीं के सहारे खड़ी होती है। सर्दी, गर्मी, बरसात, आंधी-तूफान और त्योहारों के दौरान भी स्वच्छता मित्र सड़कों पर उतरकर समाज को स्वच्छ वातावरण प्रदान करते हैं। वे पहले दूसरों के उत्सव को बेहतर बनाते हैं और इसके बाद अपने परिवार के साथ त्योहार मनाते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान ने देश को नई पहचान दिलाई है। स्वच्छता कर्मियों के अथक परिश्रम के कारण ही प्रयागराज महाकुंभ को स्वच्छ, दिव्य और भव्य स्वरूप दिया जा सका। महाकुंभ में करोड़ों श्रद्धालु पहुंचे और स्वच्छता व्यवस्था की सराहना की।

इसे भी पढ़े   मुख्यमंत्री योगी का दो दिवसीय दौरा कल से

स्वच्छता कर्मियों का पैसा काटने वालों पर होगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता कर्मियों के मानदेय में कटौती करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मियों के मानदेय की गारंटी सुनिश्चित कर रही है। स्वच्छता कर्मियों को न्यूनतम 16 हजार रुपये मानदेय, ईएसआई के तहत उपचार की सुविधा, सुरक्षा बीमा और भविष्य निधि (पीएफ) का लाभ मिलना चाहिए। सुरक्षा बीमा से दुर्घटना की स्थिति में उनके परिवार को आर्थिक सहारा मिलेगा, जबकि पीएफ से सेवानिवृत्ति के बाद उनके पास अपनी जमा पूंजी होगी।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बदली काशी की तस्वीर

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अविनाशी काशी का कायाकल्प हुआ है। वर्ष 2014 से पहले काशी की संकरी गलियों में गंदगी, सड़कों पर जाम, बदहाल घाट और बिजली की समस्या आम थी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से पहले माफिया गरीबों और व्यापारियों की जमीनों पर कब्जा कर भय का माहौल बनाते थे। अब काशी अपनी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए विकास के नए स्वरूप में आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को सुरक्षित रखना भी नागरिकों का दायित्व है। जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी से ही विकास के कार्यों को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है।

लोकप्रिय जनप्रतिनिधि वही, जिसकी हर घर तक पहुंच

मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों को नसीहत देते हुए कहा कि लोकप्रिय जनप्रतिनिधि वही होता है, जिसकी पहुंच हर घर तक हो। जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक समय देना चाहिए, ताकि जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके। उन्होंने विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग समाज और प्रदेश के बजाय केवल अपने परिवार को प्राथमिकता देते हैं, वे व्यापक बदलाव नहीं ला सकते। देश और समाज को अपना परिवार मानने वाले ही वास्तविक परिवर्तन लाते हैं।

इसे भी पढ़े   थाने के बाहर गुप्त रोग के इलाज का पोस्टर, पुलिस ने डॉक्टर को फटकारा

मुख्यमंत्री ने वाराणसी दक्षिण के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी की ओर से 19 जुलाई से 2 अक्टूबर तक चलाए गए 76 दिवसीय वार्ड प्रवास एवं स्वच्छता अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान जरूरतमंदों को स्वास्थ्य शिविर, आयुष्मान कार्ड, आवास और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया। सभी जनप्रतिनिधियों को बिना भेदभाव पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना चाहिए।

सफाई से दूर रहेंगी बीमारियां

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि थोड़ी सतर्कता और नियमित सफाई से डेंगू, मलेरिया, कालाजार और इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारियों के खतरे को कम किया जा सकता है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि सरकारी निर्माणों की सुरक्षा, पर्यावरण की शुद्धता और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने समस्याओं के समाधान के लिए संवाद को आवश्यक बताते हुए कहा कि नगर निगम, विकास प्राधिकरण, स्थानीय प्रशासन और शासन के विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए। केवल शिकायत करने के बजाय समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय पहल भी जरूरी है।

समारोह में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में वाराणसी दक्षिण के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री कृपाशंकर सिंह और भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने जिन 10 स्वच्छता मित्रों को सम्मानित किया, उनमें वसीम, रोहित रावत, राजकुमार, पूर्णमासी, आशुतोष, दिनेश, सुनील, रेखा, अल्पना और चिंता देवी शामिल रहे। सभी को माला पहनाकर अंगवस्त्र और उपहार प्रदान किए गए।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *