बाबतपुर एयरपोर्ट मोड़ पर ट्रक ने 50 फीट रेलिंग तोड़ी
वाराणसी (जनवार्ता) । बड़ागांव थाना क्षेत्र के बाबतपुर नहर पुलिया के आगे वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर रविवार की भोर करीब तीन बजे एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। ओवरटेक कर रही बस को बचाने के प्रयास में राखी लदा ट्रक डिवाइडर से टकरा गया और करीब 50 फीट रेलिंग तोड़ते हुए आगे बढ़ गया। गनीमत रही कि ट्रक पलटने से बच गया और चालक को मामूली खरोंचें ही आईं। हालांकि, डिवाइडर और रेलिंग क्षतिग्रस्त होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।

ट्रक चालक धर्मेंद्र यादव, निवासी प्रयागराज, के अनुसार वह मध्य प्रदेश से राखी लादकर जौनपुर के शाहगंज में सड़क निर्माण कार्य के लिए जा रहा था। इसी दौरान बाबतपुर एयरपोर्ट मोड़ के पास एक बस ने ओवरटेक किया। बस से टक्कर बचाने के लिए चालक ने ट्रक को संभालने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक डिवाइडर से टकरा गया और रेलिंग तोड़ते हुए रुक गया।
अधूरे ओवरब्रिज पर उठ रहे सुरक्षा के सवाल
बाबतपुर एयरपोर्ट मोड़ पर बने एकतरफा ओवरब्रिज को लेकर स्थानीय लोगों में पहले से ही चिंता है। यहां लखनऊ से वाराणसी आने वाले वाहनों के लिए ओवरब्रिज की सुविधा है, जबकि वाराणसी से लखनऊ जाने वाले वाहनों को नीचे से गुजरना पड़ता है। ऐसे में डिवाइडर के पास दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, तीन दिन पहले भी एक ट्रक डिवाइडर से टकराया था। रविवार को हुए हादसे ने एक बार फिर अधूरे ओवरब्रिज की व्यवस्था और सड़क सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का मानना है कि संबंधित विभाग को दुर्घटनाओं की आशंका वाले इस स्थान पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

