एयर शो की फुल ड्रेस रिहर्सल का पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के निर्देश

एयर शो की फुल ड्रेस रिहर्सल का पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के निर्देश

घाटों पर भीड़ प्रबंधन से लेकर यातायात और वीवीआईपी सुरक्षा तक की तैयारियों की समीक्षा

वाराणसी (जनवार्ता)। काशी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले भव्य एयर शो को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। बुधवार को पुलिस आयुक्त वाराणसी मोहित अग्रवाल ने एयर शो की फुल ड्रेस रिहर्सल का अवलोकन किया। उन्होंने वीवीआईपी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, ड्यूटी प्रबंधन, यातायात और अन्य तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

rajeshswari

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने निर्धारित ड्यूटी स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रवेश एवं निकास मार्गों की व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की निरंतर निगरानी करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दें।

घाटों पर भीड़ नियंत्रण और सीसीटीवी से होगी निगरानी

एयर शो के दौरान घाटों और नगर क्षेत्र को विभिन्न जोन, सेक्टर एवं सब-सेक्टर में विभाजित कर पुलिस प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा। निर्धारित दर्शक स्थलों पर भीड़ का नियंत्रित प्रवेश, सुचारु आवागमन और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों से लोगों को भेजने की व्यवस्था की जाएगी। बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास मार्गों और भीड़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

प्रमुख घाटों एवं स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। कैमरों की लाइव फीड त्रिनेत्र सेंटर से मॉनिटर की जाएगी, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। प्रतिबंधित ड्रोन गतिविधियों पर भी कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इसे भी पढ़े   काशीराम आवास में 100 केएलडी एसटीपी की रखी आधारशिला

यातायात डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष जोर

पुलिस आयुक्त ने निर्धारित यातायात डायवर्जन प्लान का प्रभावी ढंग से पालन कराने तथा वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर व्यवस्थित रूप से खड़ा कराने के निर्देश दिए। पार्किंग भरने की स्थिति में वाहनों को वैकल्पिक पार्किंग स्थलों की ओर भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। आमजन और दर्शकों के आवागमन के साथ एंबुलेंस एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए ग्रीन कॉरिडोर निर्बाध रखने पर भी जोर दिया गया।

आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित निकासी, त्वरित पुलिस कार्रवाई और संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। चिकित्सा एवं राहत सेवाओं तक त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए आपातकालीन मार्गों को अवरोधमुक्त रखने को कहा गया।

विनम्र व्यवहार और जनसहयोग को प्राथमिकता

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आमजन एवं दर्शकों के साथ विनम्र व्यवहार करने और जरूरत पड़ने पर उन्हें सही मार्ग एवं निर्धारित दर्शक स्थलों की जानकारी देने के निर्देश दिए। महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता को प्राथमिकता देने पर भी बल दिया गया।

निरीक्षण एवं रिहर्सल के दौरान एयरफोर्स के अधिकारी, अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था), पुलिस उपायुक्त काशी जोन सहित अन्य जनपदों से आए वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

पुलिस की आमजन से अपील

वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने लोगों से अपील की है कि एयर शो के दौरान निर्धारित दर्शक स्थलों, पार्किंग स्थलों और आवागमन मार्गों का ही उपयोग करें। पुलिस एवं प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें, प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करें, ड्रोन न उड़ाएं और अफवाहों से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असुविधा की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *