विधान परिषद चुनाव के लिए पुलिसकर्मियों को निष्पक्ष ड्यूटी के निर्देश

विधान परिषद चुनाव के लिए पुलिसकर्मियों को निष्पक्ष ड्यूटी के निर्देश

मोहित अग्रवाल ने निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा कर दिए निर्देश

वाराणसी। विधान परिषद निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। बुधवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में निर्वाचन ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान मतदान केंद्रों, स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

rajeshswari

ब्रीफिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे निर्धारित मानकों के अनुसार अपने-अपने ड्यूटी स्थलों पर मुस्तैदी से तैनात रहें। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के साथ स्थानीय परिस्थितियों और उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। निर्वाचन के दौरान फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (एफएसटी) की सक्रियता और प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

निर्वाचन सामग्री, मतपेटियों और बैलेट पेपर की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनके सुरक्षित परिवहन तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अभिरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया। स्ट्रांग रूम की लगातार निगरानी, सीसीटीवी व्यवस्था और प्रवेश नियंत्रण के सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। मतगणना स्थल पर केवल अधिकृत व्यक्तियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रवेश देने और अनधिकृत गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने पर भी जोर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अनावश्यक भीड़ एकत्र होने से रोकने के निर्देश दिए गए। मतदाताओं को डराने-धमकाने, प्रलोभन देने, शांति भंग करने अथवा निर्वाचन प्रक्रिया में बाधा डालने वालों के विरुद्ध नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया। सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक एवं भड़काऊ सूचनाओं पर भी सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

इसे भी पढ़े   संदहा चौराहे से आठ गोवंश बरामद, घायल मवेशियों का हुआ इलाज

पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन ड्यूटी में तैनात सभी पुलिसकर्मी पूर्ण निष्पक्षता और राजनीतिक तटस्थता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। मतदाताओं के साथ विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया।

किसी भी विवाद, अप्रिय घटना या कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों और नियंत्रण कक्ष को देने के निर्देश दिए गए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने, निर्धारित समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचने और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया। निर्वाचन ड्यूटी में लापरवाही या अनुशासनहीनता पाए जाने पर नियमानुसार जवाबदेही तय करने की बात भी कही गई।

इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन राजेश कुमार पाण्डेय सहित समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। वाराणसी पुलिस ने निर्वाचन प्रक्रिया को सुरक्षित, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित इकाइयों को आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *